BAAS SPEAK UP

BAAS SPEAK UP
भ्रष्टाचार एवं अत्याचार अन्वेषण संस्थान (बास) की आजीवन प्राथमिक सदस्यता का नवीनतम जीरो (0) नंबर फॉर्म यहाँ पर क्लिक करके डाउन लोड और प्रिंट किया जा सकता है!
‘यदि आपका कोई अपना या परिचित पीलिया रोग से पीड़ित है तो इसे हलके से नहीं लें, क्योंकि पीलिया इतना घातक है कि रोगी की मौत भी हो सकती है! इसमें आयुर्वेद और होम्योपैथी का उपचार अधिक कारगर है! हम पीलिया की दवाई मुफ्त में देते हैं! सम्पर्क करें : डॉ. पुरुषोत्तम मीणा, 0141-2222225, 98285-02666

PRESSPALIKA NEWS CHANNEL-प्रेसपालिका न्यूज चैनल

Showing posts with label सुप्रीम कोर्ट. Show all posts
Showing posts with label सुप्रीम कोर्ट. Show all posts

20.11.11

विदेशों से केवल तकनीक ही नहीं, इंसाफ करना भी सीखें!

प्रेसपालिका न्यूज ब्यूरो

भारत में विदेशी वस्तुओं और तकनीक को अपनाने वालों की अच्छी खासी तादाद है| विदेशी सामग्री को अपनाने के प्रति हर आम-ओ-खास में शर्म नहीं, बल्कि गर्व का भाव है| इस प्रकार से आजादी के समय में विदेशी कपड़ों की होली जलाने का भाव अब भारत में ध्वस्त हो चुका है| अब तो स्वदेशी की बात करने वाले और संत महात्मा भी आधुनिक सुविधा सम्पन्न जीवन शैली एवं वातानुकूलित संयन्त्रों में जीवन जीने के आदी हो चुके हैं| ऐसे में यह बात निर्विवाद रूप से कही जा सकती है कि आज वैश्‍विक अर्थव्यवस्था तथा अन्तरजाल (इंटरनैट) के युग में केवल भारत की विरासत और सोच को ही सर्वश्रेष्ठ कहने वालों को अब अपनी परम्परागत सोच पर पुनिर्विचार करके खुले दिमाग और उदारता से सोचने की जरूरत है, जिससे कि हम संसार के किसी भी कोने में अपनायी जाने वाली अच्छी बातों और नियमों को देश में खुशी-खुशी अपना सकें|

आज की कड़वी सच्चाई यह है कि केवल हम ही नहीं, बल्कि सारा संसार विकसित देशों का पिछलग्गू बना हुआ है| जिसका कारण विकसित देशों की जीवन शैली है, लेकिन हमारा मानना है कि किसी भी बात को आँख बन्द करके अपनाने की जरूरत नहीं है, बल्कि जो बात, जो सोच और जो विचार हमारे देश के लोगों के जीवन को बदलने वाले हों, उन्हें मानने, स्वीकरने और अपनाने में कोई आपत्ति या झिझक नहीं होनी चाहिये| जैसे कि हम कम्प्यूटर तकनीक को हर क्षेत्र में अपना रहे हैं, जिससे जीवन में क्रान्तिकारी बदलाव आये हैं| जो काम व्यक्तियों का बहुत बड़ा समूह सालों में भी नहीं कर पाता, उसी कार्य को कम्प्यूटर तकनीक के जरिये कुछ पलों में पूर्ण शुद्धता (एक्यूरेसी) से आसानी किया जा सकता है| ऐसे में हमारे जीवन और व्यवस्था से जुड़ी अन्य बातों को भी हमें सहजता और उदारता से अपनाने की जरूरत है|

इसी प्रसंग में संयुक्त राज्य अमेरिका की न्यायिक व्यवस्था के एक उदाहरण के जरिये भारत की न्यायिक व्यवस्था में बदलाव के लिये यहॉं एक विचार प्रस्तुत किया जा रहा है| जिस पर भारत के न्यायविदों, नीति नियन्ताओं और विधि-निर्माताओं को विचार करने की जरूरत है| इसके साथ-साथ आम लोगों को भी इस प्रकार के मामलों पर अपनी राय को अपने जनप्रतिनिधियों के जरिये संसद तथा विधानसभाओं तक पहुँचाने की भी सख्त जरूरत है|

यहॉं सबसे पहले यह बतलाना जरूरी है कि अमेरिका में हर एक राज्य का संविधान और सुप्रीम कोर्ट अलग होते हैं| जो प्रत्येक राज्य की विशाल और स्थानीय सभी जरूरतों तथा आशाओं को सही अर्थों में पूर्ण करते हैं| प्रस्तुत मामले में अमेरिका के मिस्सिस्सिपी राज्य के सुप्रीम कोर्ट ने मिस्सिस्सिपी राज्य के न्यायिक निष्पादन आयोग बनाम जस्टिस टेरेसा ब्राउन डीयरमैन मामले में सुनाये गये निर्णय दिनांक 13.04.2011 के कुछ तथ्य पाठकों के चिन्तन और विचारार्थ प्रस्तुत हैं|

मिस्सिस्सिपी राज्य के न्यायिक निष्पादन आयोग ने वहॉं के सुप्रीम कोर्ट की जज डीयरमैन के विरुद्ध दिनांक 19.01.2011 को औपचारिक शिकायत दर्ज करवाई| डीयरमैन पर आरोप लगाया कि उन्होंने जजों के लिये लागू आचार संहिता के निम्न सिद्धांतों का उल्लंघन किया :-

(1) न्यायिक निष्ठा को संरक्षित करने के आचरण के उच्च मानकों को स्थापित करने, बनाये रखने और लागू करना|

(2) जज द्वारा हमेशा इस प्रकार कार्य करना कि उससे न्यायपालिका की निष्ठा व निष्पक्षता में जन विश्वास बढे|

(3) जज द्वारा अपने पद की साख को अन्य व्यक्ति के हित साधन के लिए उपयोग में नहीं लाना|

(4) जज द्वारा कानून का विश्‍वासपूर्वक पालना करना और व्यक्तिगत हितों के लिए कार्य करने से दूर रहना|

उपरोक्त सिद्धान्तों का उल्लंघन करके वहॉं के एक कोर्ट की जज डीयरमैन ने प्रथम न्यायिक फ्लोरिडा जिला सर्किट न्यायालय के जज लिंडा एल नोबल्स को दिनांक 05.11.2010 को एक टेलीफोन किया और अपने एक पुराने मित्र के पक्ष में सिफारिश करके उसे जमानत पर छोड़ने के लिये संदेश छोड़ा| यद्यपि उक्त फोन संदेश से पूर्व ही मामले की सुनवाई हो चुकी थी, जिससे जिला कोर्ट के निर्णय पर संदेश का कोई प्रभाव नहीं पड़ा, लेकिन जस्टिस डीयरमैन के विरुद्ध आरोप लगाये गये, जिन्हें स्वयं डीयरमैन ने भी स्वीकार कर लिया| डीयरमैन का आचरण मिस्सिस्सिपी राज्य के संविधान की धारा 177 ए के अंतर्गत भी दंडनीय होने के कारण और आचरण संहिता के उल्लंघन का आरोप लगने के बाद जस्टिस डीयरमैन स्वयं को सार्वजनिक रूप से प्रता़ड़ित किये जाने और 100 डॉलर (5000 रुपये) तक के खर्चे के दंडादेश को भुगतने के लिए भी स्वेच्छा से सहमत हो गयी| इसके बाद वहॉं के राज्य के सुप्रीम कोर्ट ने जस्टिस डीयरमैन को दोषी मानते हुए तीस दिन के लिए अवैतनिक निलंबन, सार्वजनिक प्रताड़ना और 100 डॉलर खर्चे का दण्डादेश जारी किया गया|

इसके विपरीत भारत के सुप्रीम कोर्ट द्वारा उत्तर प्रदेश न्यायिक अधिकारी संघ (1994 एससीसी 686) के मामले में सुनाये गये निर्णय में किसी भी जज के विरुद्ध मुख्य न्यायाधीश की अनुमति के बिना मामला दर्ज करने तक पर कानूनी प्रतिबन्ध लगा रखा है और भारत में तकरीबन सभी न्यायालयों द्वारा अमेरिका के उक्त मामले जैसे मामलों को तुच्छ मानते हुए कोई संज्ञान तक नहीं लिया जाता है| यह भारतीय न्याय व्यवस्था के लिये घोर चिंता और आम लोगों तथा संसद के लिये विचार का विषय है|

तथ्य संग्रह : मनीराम शर्मा, एडवोकट, लेखन एवं सम्पादन : डॉ. पुरुषोत्तम मीणा ‘निरंकुश’

16.9.11

आरोप, अभियोग और महाअभियोग


अनुशासनहीनता करने या कानून का उल्लंघन करने पर लोक सेवकों के विरुद्ध आरोप लगाये जाते हैं, अभियोग चलाये जाते हैं और दोष सिद्ध होने पर उन्हें दण्डित भी किया जाता है, लेकिन लोक सेवक की परिभाषा में शामिल होने के उपरान्त भी हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट के जजों के खिलाफ आमतौर पर न तो किसी प्रकार का आरोप लगाया जाता है और न हीं उनके खिलाफ कोई अभियोग चलाया जाता है| हाँ यदि कोई भयंकर मामला बन जाये तो हाई कोर्ट तथा सुप्रीम कोर्ट के जजों के

7.9.11

सुप्रीम कोर्ट में दो करोड़ 39 लाख मेडीकल खर्च का रिकॉर्ड ही नहीं?

सूचना अधिकार कानून के तहत हुआ खुलासा

सुप्रीम कोर्ट में दो करोड़ 39 लाख 

मेडीकल खर्च का रिकॉर्ड ही नहीं?
सुप्रीम कोर्ट के मामले में सीआईसी की बोलती बन्द क्यों हो जाती है?

डॉ. पुरुषोत्तम मीणा 'निरंकुश'

जनता की गा़ढ़ी कमाई से टैक्स के जरिये संग्रहित सरकारी खजाने से यदि एक रुपया भी किसी मद पर खर्च होता है तो उसका बाकायदा हिसाब-किताब रखा जाना कठोर कानूनी व्यवस्था है| किसी को भी, किसी भी मद पर किसी भी प्रकार का नगद या चैक से भुगतान किया जाता है तो उसका स्पष्ट लेखा-जोखा रखा जाता है| जिसके लिये हर सरकारी दफ्तर में लेखा अधिकारी नियुक्त हैं, जो इस काम के बदले सरकारी खाजने से वेतन पाते हैं|

12.8.11

विभागीय जॉंच रूपी अभेद्य सुरक्षा कवच को भेदना होगा-2

कुछ समय पूर्व मैंने एक आलेख ‘‘विभागीय जॉंच रूपी अभेद्य सुरक्षा कवच को भेदना होगा!’’ शीर्षक से लिखा था, जो अनेक हिन्दी न्यूज पोर्टल्स तथा समाचार-पत्रों में प्रकाशित हो चुका है| यह लेख ‘बासवोइस’ ब्लॉग पर भी उपलब्ध हैं, जिपर श्री बेनीवाल जी नामक एक पाठक ने निम्न टिप्पणी की है :-

6.11.10

उ. प्र. हाई कोर्ट का मनमाना प्रशासनिक आदेश!


Monday, May 17, 2010


उ. प्र. हाई कोर्ट का मनमाना प्रशासनिक आदेश!



इस बात में भी कोई दो राय नहीं है कि जनहित याचिका के माध्यम से कुछ लोग कानून के इस प्रावधान का दुरुपयोग और स्वयं के हित में उपयोग कर रहे हैं। लेकिन ऐसे कुछ लोगों के कारण सभी लोगों के न्याय प्राप्ति के मार्ग में बाधाएँ खडी कर दी जावें और नागरिकों के संवैधानिक संरक्षण प्राप्त करने के मौलिक अधिकारों पर परोक्ष रूप से पाबन्दी लगादी जावे, यह तो कोई न्याय नहीं हुआ। यदि कोर्ट के समक्ष यह प्रमाणित हो जाता है कि कोई व्यक्ति जनहित याचिका के प्रावधान का दुरुपयोग कर रहा है, तो कोर्ट को ऐसे लोगों को दण्डित करने के लिये कडे कानून बनाने जाने चाहिये, न कि ऐसे चालाक किस्म के लोगों के कारण अन्य निर्दोष लोगों के न्याय प्राप्ति के मार्ग में व्यवधान पैदा किये जावें। मैं समझता हूँ कि न मात्र यह न्याय की माँग है, बल्कि मेरा साफ तौर पर यह भी मानना है कि इस संशोधन की संवैधानिकता को चुनौती दी जानी चाहिये और यदि चुनौती दी गयी तो संविधान के अनुच्छेद 14, 19, 21, 32 एवं 226 की अभी तक सुप्रीम कोर्ट द्वारा की गयी विवेचना एवं यह न्याय के पवित्र सिद्धान्तों के सामने यह टिकने वाला नहीं है।
----------------------------------
डॉ. पुरुषोत्तम मीणा 'निरंकुश'

भारत के न्यायिक इतिहास में उत्तरप्रदेश हाईकोर्ट ऐसा पहला हाई कोर्ट हो गया है, जिसमें अब किसी गरीब और आम व्यक्ति या किसी भी संस्था की ओर से आसानी से जनहित याचिका दायर नहीं की जा सकेगी। हाई कोर्ट की प्रशासनिक कार्यवाही के तहत जारी किये गये उक्त आदेश को देखने से लगता है, मानो यह आदेश कार्यपालिका के किसी अधिकारी द्वारा आम लोगों की आवाज़ को दबाने के लिए जारी किया गया हो। जबकि न्यायिक अधिकारियों से ऐसे कठोर प्रशासकीय आदेशों की अपेक्षा नहीं की जाती है।

उ. प्र. हाई कोर्ट ने सुप्रीम कोर्ट की गाइड लाईन के नाम पर यह कदम उठाया है। जिनमें सुप्रीम कोर्ट ने उत्तराखण्ड से सम्बन्धित एक मामले में कहा था कि जनहित याचिकाओं का दुरुपयोग रोकने के लिये सभी हाई कोर्ट्‌स को अपने-अपने स्तर पर कदम उठाने चाहिये। उत्तर प्रदेश हाई कोर्ट ने हाई कोर्ट रूल्स 1952 के अध्याय 22 में संशोधन करके नियम एक में उपनियम 3-ए जोडा है। ऐसा बताया जा रहा है कि उ. प्र. हाई कोर्ट ने यह कहकर के उपरोक्त संशोधन किया है कि इससे हाई कोर्ट में दायर हो रही जनहित याचिकाओं के दुरुपयोग पर अंकुश लगाना आसान हो सकेगा।

अब इस नये नियम के मुताबिक जब कोई व्यक्ति उ. प्र. हाई कोर्ट में जनहित याचिका दायर करेगा तो सबसे पहले उसे एक शपथ-पत्र पेश करके अपना संक्षिप्त परिचय प्रमाणित करना होगा। इसके अलावा शपथ-पत्र में उसे यह भी स्पष्ट करना होगा कि उसका याचिका को दायर करने में कोई व्यक्तिगत हित या लाभ तो निहित नहीं है। उसे यह भी घोषणा करनी होगी कि जनहित याचिका मंजूर होने पर न तो उसे स्वयं को और न ही उसके किसी सम्बन्धी को किसी प्रकार का लाभ होगा। हाई कोर्ट के नये रूल में आगे यह भी कहा गया है कि शपथ-पत्र में स्पष्ट रूप से घोषणा करनी होगी कि याचिका में पारित आदेश से किसी व्यक्ति विशेष, समुदाय अथवा राज्य का नुकसान नहीं होगा।

यदि कोई सामाजिक संस्था याचिका दायर करती है तो उसे भी याचिका दायर करने के लिए अपनी विश्वसनीयता और जनहित से जुडे उसके कार्यों, उपलब्धियों आदि का विस्तृत विवरण दर्शाते हुए शपथ-पत्र पेश करना होगा। हाई कोर्ट के नये संशोधित नियम में यह और कहा गया है कि यदि उपरोक्त शर्तें या इनमें से एक भी शर्त याचिकाकर्ता द्वारा शपथ-पत्र के जरिये पेश की जाने वाली याचिका में स्पष्ट रूप से शामिल तोनहीं की जाती हैं तो याचिका पर हाई कोर्ट विचार ही नहीं करेगा।

हाई कोर्ट के उपरोक्त संशोधन संविधान की मूल भावना को ही समाप्त कर देने वाला है। इस प्रकार के कानून के बाद किसी असक्षम व्यक्ति द्वारा याचिका दायर करना तो हमेशा के लिये समाप्त हो जाने वाला है और पत्र-याचिका जैसी शब्दावली की भी समाप्ति ही समझी जावे। यह न मात्र अनुचित ही, बल्कि असंवैधानिक भी है। यदि गहराई में जाकर देखें तो हम पाते हैं कि जनहित याचिकाओं के जरिये आम लोगों के हितों और मानव अधिकारों का संरक्षण होता रहा है। ऐसे में हाई कोर्ट का यह नया कानून मानव अधिकारों का हनने करने वाला कदम सिद्ध हो सकता है।

इस बात में भी कोई दो राय नहीं है कि जनहित याचिका के माध्यम से कुछ लोग कानून के इस प्रावधान का दुरुपयोग और स्वयं के हित में उपयोग कर रहे हैं। लेकिन ऐसे कुछ लोगों के कारण सभी लोगों के न्याय प्राप्ति के मार्ग में बाधाएँ खडी कर दी जावें और नागरिकों के संवैधानिक संरक्षण प्राप्त करने के मौलिक अधिकारों पर परोक्ष रूप से पाबन्दी लगादी जावे, यह तो कोई न्याय नहीं हुआ।

यदि कोर्ट के समक्ष यह प्रमाणित हो जाता है कि कोई व्यक्ति जनहित याचिका के प्रावधान का दुरुपयोग कर रहा है, तो कोर्ट को ऐसे लोगों को दण्डित करने के लिये कडे कानून बनाने जाने चाहिये, न कि ऐसे चालाक किस्म के लोगों के कारण अन्य निर्दोष लोगों के न्याय प्राप्ति के मार्ग में व्यवधान पैदा किये जावें। मैं समझता हूँ कि न मात्र यह न्याय की माँग है, बल्कि मेरा साफ तौर पर यह भी मानना है कि इस संशोधन की संवैधानिकता को चुनौती दी जानी चाहिये और यदि चुनौती दी गयी तो संविधान के अनुच्छेद 14, 19, 21, 32 एवं 226 की अभी तक सुप्रीम कोर्ट द्वारा की गयी विवेचना एवं यह न्याय के पवित्र सिद्धान्तों के सामने यह टिकने वाला नहीं है।

आपराधिक एवं भ्रष्ट तत्वों से ग्रसित संसदीय पवित्रता की रक्षा कौन करेगा?


Saturday, April 17, 2010


आपराधिक एवं भ्रष्ट तत्वों से ग्रसित संसदीय पवित्रता की रक्षा कौन करेगा?

सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय स्वागतयोग्य तो नहीं ही कहा जा सकता। विशेषकर तब जबकि संसद में आपराधिक तत्वों, पूर्व भ्रष्ट नौकरशाहों और बाहुबलियों का जिस तेजी से इजाफा हो रहा है, उससे संसद की पवित्रता अनेक बार कलुसित हो चुकी है। संसद में अनेक बार अभद्र एवं असंसदीय नजारे देखने को मिल चुके हैं। ऐसे में यह मान लेना कि संसद द्वारा निर्वाचित पीठासीन अधिकारी पूरी तरह से निष्पक्ष, न्यायप्रिय और इतना श्रेृष्ठ होगा कि उसके निर्णय हमेशा ही इतने पवित्र होंगे कि उनमें न्यायपालिका को हस्तक्षेप करने की कोई जरूरत नहीं होगी। इसे सहज ही स्वीकार नहीं किया जा सकता।
डॉ. पुरुषोत्तम मीणा 'निरंकुश'
===========

दिल्ली से प्रकाशित एक दैनिक हिन्दी समाचार-पत्र लिखता है कि "पिछले सालों में बनी न्यायपालिका और विधायिका में टकराव जैसी स्थिति के बीच भारतीय लोकतंत्र के लिए यह खबर सुकून देने वाली कही जा सकती है। जिसमें सर्वोध न्यायालय की संविधान पीठ ने अपने एक अहम फैसले में साफ कर दिया कि संसद की कार्यवाही की वैधता अदालत नहीं जाँच सकती। यह काम करने का अधिकार सिर्फ संसद को ही है।"

मैं उक्त समाचार-पत्र की टिप्पणी से तनिक भी सहमत नहीं हँू और यदि सर्वोच्च न्यायालय ने संसद से टकराव टालने की बात को ध्यान में रखकर यह निर्णय सुनाया है तो यह घोर चिन्ता और निराशा का विषय है। क्योंकि न्याय का तो प्राणबिन्दु ही यह है कि न्याय करते समय इस तथ्य की ओर तनिक भी ध्यान न दिया जावे कि पक्षकार कौन है। अन्यथा तो मुःह देखकर तिलक करने वाली बात होगी। जिसका सीधा अर्थ होगा कि न्यायपालिका पूर्वाग्रहों से ग्रस्त होकर कार्य कर रही है।

इससे भी अधिक खेद का विषय तो यह है कि न्यायपालिका के निर्णय पर अपने विचार को थोप कर एक राष्ट्रीय कहलाने वाला समाचार-पत्र देश के लोगों में यह स्थापित करने का प्रयास कर रहा है कि सर्वोच्च न्यायालय द्वारा संसद से टकराव टालकर श्रेृष्ठता का कार्य किया है! जबकि इस बात का कोई प्रमाण नहीं है कि सर्वोच्च न्यायालय ने ऐसा क्यों किया? फिर भी सर्वोच्च न्यायालय का निर्णय स्वागतयोग्य तो नहीं ही कहा जा सकता। विशेषकर तब जबकि संसद में आपराधिक तत्वों, पूर्व भ्रष्ट नौकरशाहों और बाहुबलियों का जिस तेजी से इजाफा हो रहा है, उससे संसद की पवित्रता अनेक बार कलुसित हो चुकी है। संसद में अनेक बार अभद्र एवं असंसदीय नजारे देखने को मिल चुके हैं। ऐसे में यह मान लेना कि संसद द्वारा निर्वाचित पीठासीन अधिकारी पूरी तरह से निष्पक्ष, न्यायप्रिय और इतना श्रेृष्ठ होगा कि उसके निर्णय हमेशा ही इतने पवित्र होंगे कि उनमें न्यायपालिका को हस्तक्षेप करने की कोई जरूरत नहीं होगी। इसे सहज ही स्वीकार नहीं किया जा सकता।

इसीलिये सर्वोच्च न्यायालय का यह कहना कि कोर्ट को संसदीय कार्यवाही में हस्तक्षेप करने का कोई हक नहीं है, न्याय की कसौटी पर खरा सोना प्रतीत नहीं होता। इस निर्णय के उलट न्यायपालिका ने पूर्व में अनेकों बार संसद के निर्णयों में हस्तक्षेप भी किया है। यहाँ प्रश्न संसद के निर्णय और संसद की कार्यवाही में अन्तर समझने का है, क्योंकि संसद के निर्णयों को तो न्यायपालिका सैकडों बार असंवैधानिक करार दे चुकी है, जिनमें कुछ संविधान संशोधन भी शामिल हैं। लेकिन यहाँ पर विचारणीय सवाल यह है कि संसद के सदन द्वारा बहुमत से निर्वाचित एक सांसद, संसद का संचालन करता है, जो चुने जाने से पूर्व दल विशेष का सदस्य होता है और चुने जाने के बाद भी कहीं न कहीं वह अपने दल के प्रति निष्ठावान बना रहता है।

जहाँ तक विवादित मामले में तत्कालीन लोकसभा अध्यक्ष (शिवसेना के) मनोहर जोशी का सवाल है तो शाहरूख खान की फिल्म माई नैम इज खान के प्रदर्शन के समय पर उनका असली साम्प्रदायिक चेहरा देश के सामने प्रकट हो चुका है। यद्यपि इससे यह प्रमाणित नहीं होता है कि लोकसभा अध्यक्ष के रूप में उनका निर्णय कैसा रहा होगा। लेकिन इससे यह तो प्रमाणित होता ही है कि लोकसभा अध्यक्षों की नस-नस में अपने दल की अवाजा प्रतिध्वनित होती रहती है।

ऐसे लोगों द्वारा संसदीय कार्यवाही का संचालन, विशेषकर बाहुबलियों, जघन्य आरोपों में लिप्त और सजायाफ्ता सदस्यों के बहुमत वाली संसद का संचालन इतना पवित्र और निषपक्ष नहीं माना जाना चाहिये कि न्यायपालिका को उसमें हस्तक्षेप करने का हक ही नहीं रहे। इसी बात को दृष्टिगत रखते हुए मुझे सम्पूर्ण विश्वास है कि आने वाले समय में देश को सर्वोच्च न्यायपालिका स्वयं ही अपने उक्त निर्णय को उलट देगी।

पीटना क्रूरता नहीं, तो फिर क्या है-क्रूरता?



Thursday, April 15, 2010


पीटना क्रूरता नहीं, तो फिर क्या है-क्रूरता?

1-सुप्रीम कोर्ट कहता है कि बहु को पीटना क्रूरता नहीं है, ऐसे में यह सवाल उठाना स्वाभाविक है कि इन हालातों में आरोपी को पुलिस द्वारा पीटना क्रूरता कैसे हो सकती है? और यदि क्रूरता की यही परिभाषा है तो फिर मानव अधिकार आयोग का क्या औचित्य रह जाता है?

2-जिस पुरुष को पीडिता के आरोप को अन्तिम सत्य मानकर सजा सुनाई गयी उसके पक्ष में और जिस पुरुष को पीडिता के बयान को अन्तिम सत्य नहीं मानकर बरी कर दिया गया उसके विरोध में कौन खडा होगा, जिससे कि कोर्ट पुनर्विचार करने को विवश हो?

3-जो सफाई दी जाती है, वह यह है कि अलग-अलग जज के अलग-अलग विचारों के कारण ऐसे फैसले आते हैं! इसके विरोध में मेरा कहना है कि यदि कोई जज अपने विचारों के आधार पर फैसले करता है, तो वह जज की कुर्सी पर बैठने के काबिल ही नहीं है, क्योंकि इस देश में कानून का शासन है और कानून के अनुसार ही निर्णय लिये और किये जाते हैं।

4-क्या अब ऐसा समय आ गया है कि कोर्ट के निर्णयों के विरोध में भी जनता और संगठनों को सडक पर उतर कर, जिन्दाबाद-मुर्दाबाद करना होगा। यदि सुप्रीम कोर्ट के हाल में सुनाये गये फैसलों को देखें तो ऐसा ही लगता है।

5-इस बात की परवाह किये बिना बहस होनी चाहिये कि बहस के कारण न्यायिक अवमानना का खतरा उत्पन्न हो सकता है! क्योंकि डरे और सहमे हुए लोगों को कभी भी न्याय नहीं मिलता है।

डॉ. पुरुषोत्तम मीणा 'निरंकुश'
=====================
पिछले साल के अन्त में एक मामले की सुनवाई के दौरान सुप्रीम कोर्ट ने व्यवस्था दी थी कि सास द्वारा अपनी बहू को पीटना या अपने बेटे से उसे तलाक दिलवाने की धमकी दिलवाना, आईपीसी (भारतीय दंड संहिता) की धारा 498-ए के तहत क्रूरता नहीं है। इससे पूर्व सुप्रीम कोर्ट एक अन्य मामले में कह चुका है कि पति की मृत्यु के बाद उसकी दूसरी पत्नी को अनुकम्पा नियुक्ति दी जा सकती है, बशर्ते कि पहली पत्नी को कोई आपत्ती नहीं हो। (इस सम्बन्ध में मेरा आलेख-दोनों बीवी राजी को क्या करेगा काजी! पढा जा सकता है।) जबकि इसके विपरीत हालिया सुनाये गये एक अन्य मामले में सुप्रीम कोर्ट द्वारा कहा गया कि दत्तक सन्तान को अनुकम्पा नियुक्ति नहीं दी जा सकती।

पूर्व में सुप्रीम कोर्ट का स्पष्ट मत था कि कोई भी भारतीय स्त्री अदालत के समक्ष किसी पुरुष पर बलात्कार का झूठा आरोप नहीं लगा सकती। इसलिये बलात्कार के मामले में पीडिता के बयान को अन्तिम सत्य मानकर आरोपी को सजा सुनायी जा सकती है। इसी तथ्य पर सुप्रीम कोर्ट का हाल का मत है कि कोई भी स्त्री अदालत के समक्ष न मात्र असत्य बोलकर झूठा आरोप लगाकर बलात्कार के आरोप में पुरुष को झूठा फंसा सकती है, बल्कि कोर्ट ने यह भी कहा कि अनेक स्त्रियाँ रुपये लेकर भी बलात्कार के झूठे आरोप लगा सकती हैं। अतः उनके बयानों को अन्तिम सत्य मानकर आरोपी को सजा नहीं सुनाई जानी चाहिये।

सुप्रीम कोर्ट के इस प्रकार के विरोधाभाषी निर्णयों की एक लम्बी फेहरिश्त है। जिसके कारण क्या हैं, यह तो जाँच का विषय है, लेकिन इसके बारे में जो सफाई दी जाती है, वह यह है कि अलग-अलग जज के अलग-अलग विचारों के कारण ऐसे फैसले आते हैं! इसके विरोध में मेरा कहना है कि यदि कोई जज अपने विचारों के आधार पर फैसले करता है, तो वह जज की कुर्सी पर बैठने के काबिल ही नहीं है, क्योंकि इस देश में कानून का शासन है और कानून के अनुसार ही निर्णय लिये और किये जाते हैं। ऐसे जजों के अलग-अलग विचारों का क्या मतलब रह जाता है? लेकिन कोई न कोई वजह तो है ही, तब ही तो इस प्रकार के विरोधाभाषी निर्णय सामने आ रहे हैं और इन निर्णयों के कारण कितने निर्दोषों को सजा मिल जाती है और कितने दोषी छूट जाते हैं।

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने कहा है कि बहु को पीटना क्रूरता नहीं है! इस निर्णय के विरोध में अनेक स्त्री संगठनों ने धरने-प्रदर्शन किये तो सुप्रीम कोर्ट अपने इस निर्णय पर पुनर्विचार करने को राजी हो गया। पुनर्विचार के बाद क्या निर्णय आयेगा, ये तो भविष्य के गर्भ में छिपा है, लेकिन कुछ बातें हैं, जिन पर इस बात की परवाह किये बिना बहस होनी चाहिये कि बहस के कारण न्यायिक अवमानना का खतरा उत्पन्न हो सकता है! क्योंकि डरे और सहमे हुए लोगों को कभी भी न्याय नहीं मिलता है।

यदि महिलाओं के संगठनों के विरोध के कारण सुप्रीम कोर्ट पुनर्विचार करने को राजी है, तो इसका प्रथम दृष्टि में यही आशय है कि फैसले में ऐसा कुछ अवश्य है, जिसे फिर से देखा जा सकता है और मैं तो कहता हँू कि हर मामले में ऐसी सम्भावना बनी रहती है। परन्तु ऐसा दबाव कौन बनाये जिससे कोर्ट को पुनर्विचार करने को विवश होना पडे! जिस पुरुष को पीडिता के आरोप को अन्तिम सत्य मानकर सजा सुनाई गयी उसके पक्ष में और जिस पुरुष को पीडिता के बयान को अन्तिम सत्य नहीं मानकर बरी कर दिया गया उसके विरोध में कौन खडा होगा, जिससे कि कोर्ट पुनर्विचार करने को विवश हो?

क्या अब ऐसा समय आ गया है कि कोर्ट के निर्णयों के विरोध में भी जनता और संगठनों को सडक पर उतर कर, जिन्दाबाद-मुर्दाबाद करना होगा। यदि सुप्रीम कोर्ट के हाल में सुनाये गये फैसलों को देखें तो ऐसा ही लगता है। हमारे देश में ही नहीं, बल्कि सम्पूर्ण विश्व में मारपीट को क्रूरता की श्रेणी में माना गया है। फिर भी सुप्रीम कोर्ट कहता है कि बहु को पीटना क्रूरता नहीं है, ऐसे में यह सवाल उठाना स्वाभाविक है कि इन हालातों में आरोपी को पुलिस द्वारा पीटना क्रूरता कैसे हो सकती है? और यदि क्रूरता की यही परिभाषा है तो फिर मानव अधिकार आयोग का क्या औचित्य रह जाता है?

जब पीटना ही क्रूरता नहीं है तो गाली-गलोंच और अभद्रतापूर्ण व्यवहार तो क्रूरता या अपराध होना ही नहीं चाहिये? इन परिस्थितियों में मेरा मानना है कि सभी क्षेत्रों और सभी समाजों के सभी प्रबुद्ध, साहसी एवं संवेदनशील लोगों को आगे आकर इन सब मुद्दों पर न मात्र खुलकर अपनी राय प्रकट करनी होगी, बल्कि सुप्रीम कोर्ट के इस प्रकार के निर्णयों के प्रकाश में हमें इस बात पर भी विचार करना होगा कि सुप्रीम कोर्ट के जजों की चयन प्रक्रिया में कहीं कोई गुणवत्तात्मक कमी तो नहीं है?

बातचीत नहीं करना क्रूरता एवं तलाक का आधार!


जज भी तो मानव हैं। यदि जज किसी सुखद या कटु स्थिति या अनुभव से गुजरता है तो स्वाभाविक तौर पर उसका उसर उसके सोचने के तरीके पर भी असर पडता है। जिसका प्रभाव उसके निर्णयों में देखा जा सकता है। पूर्व में भी यह प्रभाव होता था, लेकिन धीरे-धीरे अब यह मुखर हो रहा है। पहले अपने अनुभव को जज घुमाफिरा कर बतलाते थे, जबकि अब सीधे तौर पर अपने निर्णयों में समाहित कर रहे हैं। यह एक अच्छा संकेत माना जा सकता है, लेकिन तब तक ही जब तक कि जज सकारात्मक प्रवृत्ति का व्यक्ति रहा हो और उसकी सौच रचनात्मक हो अन्यथा यह प्रवृत्ति घातक भी सिद्ध हो सकती है।
नयी दिल्ली। हिन्दू विवाह अधिनियम में क्रूरता को तलाक का आधार माना गया है, लेकिन क्रूरता की परिभाषा को लेकर शुरू से ही निचली अदालतों में मतैक्य का अभाव रहा है। इसलिये जब भी क्रूरता का कोई नया मामला सामने आता है तो पक्षकार अन्तिम निर्णय के लिये सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा अवश्य ही खटखटाते हैं। सुप्रीम कोर्ट की मोहर लगने के बाद निचली अदलतों के लिये ऐसे मामले आगे के निर्णयों के लिये अनुकरणीय बन जाते हैं।

हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने क्रूरता की कानूनी परिभाषा को विस्तिृत करते हुए कहा है कि यदि विवाहित पति-पत्नी आपस में बातचीत नहीं करते हैं तो ऐसा करने वाला अपने साथी पर क्रूरता करने का दोषी ठहराया जा सकता है और पीडित पक्षकार को केवल इसी आधार पर तलाक मिल सकती है। इसलिये ऐसे सभी पतियों और पत्नियों को सावधान होने की जरूरत है, जो बात-बात पर मुःह फुलाकर बैठ जाते हैं और महनों तक अपने साथी से बात नहीं करते हैं। वैसे तो मुःह फुलाना और मनमुटाव होना पति-पत्नी के रिश्ते में आम बात है, लेकिन यदि इसके कारण दूसरे साथी को सदमा लगे या अकेलापन अनुभव हो या अपने मन पर बोझ अनुभव होने लगे तो इसे दर्दनाक स्थिति माना जा सकता है। सम्भवतः इन्हीं मानसिकत पीडाओं को कानूनी समर्थन प्रदान करते हुए भारत के सर्वोच्च न्यायालय ने अपने निर्णय में कहा है कि चुप्पी क्रूरता का परिचायक है, जिसे तोडना परिवार की सेहत के लिये जरूरी है। अन्यथा परिवार टूट जायेगा।

हाल में सुनाये गये एक फैसले में सर्वोच्च न्यायालय का कहना है कि आपसी विवाद की स्थिति में पति या पत्नी का खामोश रहना भी मुश्किलें पैदा कर सकता है। इसलिये इस तरह की चुप्पी क्रूरता की श्रेणी में आती है और हिन्दू विवाह अधिनियम के अनुसार यह तलाक का आधार बन सकती है। इसे आधार बनाकर पति या पत्नी तलाक के लिए आवेदन कर सकते हैं। कोर्ट ने यह व्यवस्था एक ऐसे मामले में फैसला सुनाते हुए दी, जिसमें पति ने पत्नी पर दुर्व्यवहार और अकेला छोड देने का आरोप लगाते हुए तलाक की मांग की थी। कोर्ट के अनुसार चुप रहना या आपस में बातचीत नहीं करना एक-दूसरे के प्रति सम्मान और आपसी समझ की कमी दर्शाता है।

हमें इस बात को समझना होगा कि एक ओर तो हमारा समाझ धीरे-धीरे समझदार और शिक्षित होता जा रहा है। जिसके कारण हमारे देश की वह छवि ध्वस्त हो रही है, जिसमें कहा जाता था कि भारत साधु-सन्तों और सपेरों का देश है। दूसरे हमारी न्यायपालिका भी अब अधिक मुखर हो रही है। जिसके चलते कोर्ट में अब केवल तकनीकी आधार पर ही निर्णय नहीं सुनाये जाते हैं, बल्कि मानवजनित भावनाओं और संवेदनाओं पर भी ध्यान दिया जाने लगा है। जिसके चलते ऐसे निर्णय सामने आ रहे हैं, जो मानवता के उत्थान में मील का पत्थर सिद्ध हो रहे हैं। सुप्रीम कोर्ट के उक्त निर्णय को भी ऐसा ही एक निर्णय माना जा सकता है।

इसकी एक वजह और भी है। आखिर जज भी तो समाज के अभिन्न अंग हैं। जज भी तो मानव हैं। यदि जज किसी सुखद या कटु स्थिति या अनुभव से गुजरता है तो स्वाभाविक तौर पर उसका उसर उसके सोचने के तरीके पर भी असर पडता है। जिसका प्रभाव उसके निर्णयों में देखा जा सकता है। पूर्व में भी यह प्रभाव होता था, लेकिन धीरे-धीरे अब यह मुखर हो रहा है। पहले अपने अनुभव को जज घुमाफिरा कर बतलाते थे, जबकि अब सीधे तौर पर अपने निर्णयों में समाहित कर रहे हैं। यह एक अच्छा संकेत माना जा सकता है, लेकिन तब तक ही जब तक कि जज सकारात्मक प्रवृत्ति का व्यक्ति रहा हो और उसकी सौच रचनात्मक हो अन्यथा यह प्रवृत्ति घातक भी सिद्ध हो सकती है।-डॉ. पुरुषोत्तम मीणा "निरंकुश", Sunday, March 7, 2010

आत्मरक्षा के अधिकार के मायने क्या ?

Monday, February 8, 2010



आत्मरक्षा के अधिकार के मायने क्या ?
============================

डॉ. पुरुषोत्तम मीणा 'निरंकुश'
==============================
जब देश की सबसे बडी अदालत यह मानती है कि कानून का पालन करने वाले लोगों को कानून का पालन करते समय कायर बने रहने की जरूरत नहीं है, तो इसके मायने सीमित नहीं होने चाहिये, क्योंकि कहीं न कहीं सुप्रीम कोर्ट इस मामले में प्रत्येक उस देशभक्त व्यक्ति का मार्गदर्शन करती प्रतीत हो रही है, जो कानून का पालन करते हुए, जुर्म करने वालों का विरोध करने का साहस जुटा पा रहा है, क्योंकि केवल उसी समय व्यक्ति को साहसी बनने की या कायर नहीं बने रहने की जरूरत नहीं होती, जबकि उस पर जान लेवा हमला होता है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को उस समय भी कायर नहीं बने रहना चाहिये, जबकि वह कानून का पालन करते हुए अपने कानूनी हकों को प्राप्त करना चाहता है और भ्रष्ट लोक सेवक (जो स्वयं को अधिकारी या कर्मचारी कहकर अपने आपको जनता के मालिक समझते हैं।) कानून का पालन करने वालों को दुत्कारते हैं, उत्पीडित करते हैं, अपमानित करते हैं और रिश्वत तक मांगते हैं।
==========================
कुछ समय पूर्व सुप्रीम कोर्ट ने आत्मरक्षा के अधिकार से जुडे मामले में अपने निर्णय में कहा था कि कानून का पालन करने वाले लोगों को कायर बनकर रहने की जरूरत नहीं है, खासकर तब, जबकि आपके ऊपर गैरकानूनी तरीके से हमला किया जाए। प्रिण्ट मीडिया ने इसे कोर्ट का अति-न्यायिक सक्रियता दर्शाने वाला निर्णय भी करार दिया था। कमोबेस यह निर्णय देश के सभी समाचार-पत्रों में प्रकाशित और सभी चैनलों पर प्रसारित हो चुका है और इस निर्णय पर अनेक लेखकों ने अपने-अपने तरीके से अपने-अपने विचार भी व्यक्त किये हैं। लेकिन सभी ने सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय को सीधे तौर पर जानलेवा हमला होने की स्थिति में आत्मरक्षा के अधिकार के रूप में ही उपयोगी माना, मैंने जितना पढा है, इससे अधिक किसी ने कुछ नहीं लिखा। जबकि मेरा मानना है कि जब देश की सबसे बडी अदालत यह मानती है कि कानून का पालन करने वाले लोगों को कानून का पालन करते समय कायर बने रहने की जरूरत नहीं है, तो इसके मायने सीमित नहीं होने चाहिये, क्योंकि कहीं न कहीं सुप्रीम कोर्ट इस मामले में प्रत्येक उस देशभक्त व्यक्ति का मार्गदर्शन करती प्रतीत हो रही है, जो कानून का पालन करते हुए, जुर्म करने वालों का विरोध करने का साहस जुटा पा रहा है, क्योंकि केवल उसी समय व्यक्ति को साहसी बनने की या कायर नहीं बने रहने की जरूरत नहीं होती, जबकि उस पर जान लेवा हमला होता है, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति को उस समय भी कायर नहीं बने रहना चाहिये, जबकि वह कानून का पालन करते हुए अपने कानूनी हकों को प्राप्त करना चाहता है और भ्रष्ट लोक सेवक (जो स्वयं को अधिकारी या कर्मचारी कहकर अपने आपको जनता के मालिक समझते हैं।) कानून का पालन करने वालों को दुत्कारते हैं, उत्पीडित करते हैं, अपमानित करते हैं और रिश्वत तक मांगते हैं।


सवाल यह उठाया जा सकता है कि ऐसे गैर-कानूनी कृत्य करने वाले लोगों द्वारा सीधे तौर पर तो जान लेवा हमला नहीं किया जाता है, लेकिन परोक्ष रूप से गहराई में जाकर देखें तो हम पायेंगे कि ऐसे अपराधियों के इस प्रकार के गैर-कानूनी कृत्यों से एक नहीं अनेक व्यक्ति और परिवार के परिवार प्रतिपल मरने को विवश हो जाते हैं। ऐसे में इन भ्रष्ट एवं क्रूर आतताईयों का विरोध नहीं करना भी तो सुप्रीम कोर्ट के निर्णय के अनुसार कायरता ही है।

जब सुप्रीम कोर्ट देश के कानून की व्याख्या करते हुए साफ-साफ कह चुका है कि कानून का पालन करने वालों को कायर बने रहने की जरूरत नहीं है और आत्मरक्षा में आक्रमण करने वाले को जान से मारने तक का कानून अधिकार देता है। यहाँ सवाल यह है कि गरीबों के राशन की कालाबाजारी करके राशन से वंचित करने का कुकृत्य क्या उस जरूरतमन्द व्यक्ति की हत्या करने के सदृश्य ही नहीं है, जिसे सरकार अन्न तक नहीं खरीद सकने योग्य घोषित करके सस्ती, बल्कि नाम-मात्र की 2 या 4 रुपये प्रतिकिलो की दर पर गैंहूँ उपलब्ध करवा रही है, ताकि एक परिवार जिन्दा रह सके। जबकि राशन विके्रता ऐसे लोगों के राशन को भी कालाबाजारी करने से नहीं चूकता! जिसका साफ और सीधा-सीधा अर्थ है कि राशन बिक्रेता एक व्यक्ति को ही नहीं, एक परिवार को ही नहीं, बल्कि अनेकों परिवारों को भूखों मरने को विवश करके शनै-शनै उन सबकी हत्या कर देना चाहता है। अब सवाल यह उठता है कि राशन की कालाबाजारी करने वाले ऐसे व्यक्ति के इस कुकृत्य का, वे व्यक्ति जिनके पास अपना पेट भरने तक को अन्न नहीं है, किस प्रकार से मुकाबला करें? मैं नहीं समझता कि वे अपने बचाव में राशन विक्रेता की हत्या करना चाहेंगे, लेकिन मारपीट एवं हिंसा तो कर सकते हैं। मनोज कुमार की रोटी-कपडा और मकान हिन्दी फिल्म को देखकर इस स्थिति को इस सन्दर्भ में आसानी से समझा जा सकता है।

इस प्रकार की स्थिति केवल राशन की कालाबाजारी करने वालों के विरुद्ध ही लागू नहीं होती हैं। बल्कि नकली दवाई बनाने एवं बेचने वालों, जहरीली शराब बनाने एवं बेचने वालों, मसालों और अन्य खा पदर्थों में मिलावट करने एवं बेचने वालों के मामलो में भी यही स्थिति लागू होती है, क्योंकि ये सब अनेकों निर्दोष लोगों की इरादतन सामूहिक हत्या करना चाहते हैं! भ्रष्टाचारी भी कहीं न कहीं ऐसा ही कृत्य करता है, जबकि वह लोगों के उन कानूनी एवं संवैधानिक हकों को छीनता है, जिनका उपयोग करना जीवन जीने के लिये या जिन्दा रहने के लिये जरूरी होता है। इस बात को सुप्रीम कोर्ट ने संविधान के अनुच्छेद 21 की व्याख्या करते समय अनेक बार दौहराया है कि शिक्षा, भोजन, पानी, बिजली, फोन, सडक आदि अनेक साधन जो व्यक्ति के जीवन के लिये अपरिहार्य हैं यदि इन अधिकारों का हनन करना या इनको छीनना एक प्रकार से जीवन के अधिकार को ही छीनना है। इसलिये उपरोक्त वर्णित अपराध करने वालों का कृत्य भी परोक्ष रूप से इरादतन हत्या करने के सदृश्य जानलेवा हमला ही माना जाना चाहिये।

सुप्रीम कोर्ट के न्यायमूर्ति द्वय दलवीर भंडारी और ए.के. गांगुली की बेंच ने आत्मरक्षा के अधिकार की व्याख्या करते हुए कहा है कि आत्मरक्षा के अधिकार को इस तरह बनाया गया है कि वह सामाजिक मकसद की पूर्ति करे। उपरोक्त निर्णय के सन्दर्भ में मेरा कहना है कि भूख से मरने वाले व्यक्ति द्वारा स्वयं को और अपने परिवार को भूख से बचाने के लिये राशन की कालाबाजारी करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध किसी प्रकार का बल प्रयोग सामाजिक मकसद की पूर्ति के लिये किया गया इस्तेमाल क्यों नहीं माना जा सकता? जहरीली शराब बेचने वालों के विरुद्ध इस अधिकार का उपयोग क्या सामाजिक मकसद की पूर्ति के लिये किया गया इस्तेमाल नहीं है? नकली दवाई बेचकर लोगों को बेमौत मारने वालों के विरुद्ध किया गया उपयोग क्या सामाजिक मकसद की पूर्ति के लिये किया गया इस्तेमाल नहीं है? निश्चय ही ऐसा होना चाहिये, लेकिन इस प्रकार के मामलों में अभी सीधे-सीधे न्यायिक निर्णय की मोहर लगना बाकी है। यपि मैं यहाँ पर यह स्पष्ट कर देना जरूरी समझता हँू कि मेरा मकसद यह कतई भी नहीं है कि इस आलेख से प्रेरित होकर राशन से वंचित लोग, राशन की कालाबाजारी करने वालों पर, हमला करें या बल प्रयोग करें, बल्कि मैं तो यह कहना चाहता हँू कि उपरोक्त हालातों में भी आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल करने की कानूनी इजाजत होनी चाहिये। जिससे कि कोई कालाबाजारी करने की हिम्मत जुटाने से पूर्व यह समझ सके कि उसके आपराधिक कृत्य के बचाव में भूख से मरते लोग या भूखों मरने वाले परिवारों के सदस्य उसके विरुद्ध आत्मरक्षा के अधिकार का प्रयोग कर सकते हैं! दुःख की बात है कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा आत्मरक्षा के अधिकार का उपयोग करने की लिये जो दस सूत्रीय गाइड लाईंस तय की गयी हैं, उन दसों सूत्रों में ऐसी कोई व्यवस्था नहीं की गयी है जिससे कि परिवार के परिवारों को इरादतन भूख से मार कर हत्या करने वालों के विरुद्ध आत्मरक्षा के अधिकार का इस्तेमाल किया जा सके?

बाबा की अथाईं और बाबा का ही न्याय!

Saturday, December 5, 2009


बाबा की अथाईं और बाबा का ही न्याय!
डॉ. पुरुषोत्तम मीणा 'निरंकुश'
============
आदिवासी गाँवों में पंचों द्वारा संयुक्त रूप से बैठकर जिस स्थान पर पंचायत कर स्थानीय मामलों में निर्णय लेकर न्याय किया जाता है, उस स्थान को स्थानीय बोली में अथाईं कहा जाता है और गाँव में बड़े-बुजर्गों को सम्मान सूचक सम्बोधन ''बाबा'' कहकर बुलाया जाता है। अपने पिता के बड़े भाई को तथाा दादा को भी वहाँ पर ''बाबा'' सम्बोधन दिया जाता है। इसलिये गाँव में न्याय करने वाले पंच पटेलों को भी 'बड़े' मानकर सम्मान तथा आदर देने के लिये ''बाबा'' कहा जाता है।
=====================================


जयपुर, (डॉ. पुरुषोत्तम मीणा) । हमारे देश के संविधान में किसी भी व्यक्ति के लिये सुप्रीम कोर्ट न्याय की अन्तिम आशा का केन्द्र है, जहाँ से हर आम-ओ-खास द्वारा संविधान सम्मत न्याय की प्राप्ति के साथ-साथ निष्पक्षता और सम्पूर्ण पारदर्शित की उम्मीद भी की जाती रही है। यही नहीं समाज का हर वर्ग यह मानकर निश्चिन्त रहता है कि देश में आजाद न्यायपालिका के चलते किसी के साथ अन्याय हो ही नहीं सकता। न्यायपालिका ने अनेकों बार इस बात को बखूबी प्रमाणित भी किया है। न्यायपालिका ने अनेक निर्णयों में संविधान के अनुच्छेदों की गूढ व्याखा करके समाज, सरकार एवं विधायिका का भी मार्ग प्रशस्त किया है। जिसके लिये भारतीय समाज अपनी न्यायपालिका पर गर्व करता है। लेकिन अनेक बार सुप्रीम कोर्ट से भी ऐसे निर्णय आते हैं कि व्यक्ति सोचने का विवश हो जाता है कि यह जो निर्णय हुआ है, क्या इसमें न्याय भी हुआ है?

कानून का ज्ञान रखने वाले जानते हैं कि न्यायशास्त्र का एक मौलिक सिद्धान्त है कि केवल इससे काम नहीं चलता है कि कोर्ट द्वारा फैसला सुना दिया जाये, बल्कि जो फैसला सुनाया गया है, उससे न्याय होते हुए भी दिखना चाहिये। इस पवित्र सिद्धान्त को स्वीकार करते हुए हमारे देश की न्यायपालिका द्वारा अनेक बार अनेक मामलों में इसका उल्लेख एवं अनुपालन भी किया गया है। जिससे देश के आम व्यक्ति के हृदय में न्यायपालिका की शाख एवं प्रतिष्ठा बढी है। लेकिन पिछले दिनों सुप्रीम कोर्ट की ओर से एक ऐसा फैसला सुनाया गया, जिसे पढकर आश्चर्य के साथ, बार-बार मन में यह सवाल उठा कि क्या वाकई इस फैसले में न्याय हुआ है?


सूचना अधिकार पर सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को पढकर बरबस मुझे अपने पैतिृक आदिवासी गाँव की एक कहावत याद आ गयी, जो इस प्रकार है-''बाबा की अथाईं और बाबा की ही न्याय''। आदिवासी गाँवों में पंचों द्वारा संयुक्त रूप से बैठकर जिस स्थान पर पंचायत कर स्थानीय मामलों में निर्णय लेकर न्याय किया जाता है, उस स्थान को स्थानीय बोली में अथाईं कहा जाता है और गाँव में बड़े-बुजर्गों को सम्मान सूचक सम्बोधन ''बाबा'' कहकर बुलाया जाता है। अपने पिता के बड़े भाई को तथाा दादा को भी वहाँ पर ''बाबा'' सम्बोधन दिया जाता है। इसलिये गाँव में न्याय करने वाले पंच पटेलों को भी 'बड़े' मानकर सम्मान तथा आदर देने के लिये ''बाबा'' कहा जाता है। आमतौर पर गाँव के पंच सार्वजनिक अथाईं पर बैठकर ही निर्णय करते हैं, लेकिन यदा-कदा किसी अत्यन्त प्रभावशाली पंच के प्रभाव के चलते ऐसे पंच (पटेल या जिसे बाबा कहते हैं) के निवास पर भी पंचायत बुला ली जाती है, (जिसे यद्यपि ठीक नहीं माना जाता है, क्योंकि ऐसी सम्भावना बनी रहती है कि किसी के घर बैठकर, घर के मालिक के प्रभाव एवं दबाव में आकर पंच गलत निर्णय कर सकते हैं) और यदि ऐसी पंचायत में प्रभावशाली पंच द्वारा ही निर्णय लिया जाता है तो फिर उक्त कहावत चरितार्थ होती है कि-''बाबा की अथाईं और बाबा का ही न्याय''।


जो लोग सूचना अधिकार से जुड़े हुए हैं, उन्हें मालूम होगा कि कुछ समय पूर्व भारत के मुख्य न्यायाधीश श्री बालाकृष्णनजी ने सार्वजनिक रूप से बयान दिया था कि उनका कार्यालय सूचना अधिकार के दायरे में नहीं आता है। इसलिये वे सूचना अधिकार के तहत चाही गयी जानकारी नहीं देंगे। जानकारी भी वो जो सुप्रीम कोर्ट के अन्य साथी न्यायाधीशों की सम्पत्ति से सम्बन्धित है, जिसे सुप्रीम कोर्ट के अधिकतर जज सार्वजनिक नहीं करना चाहते। मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय का संचालन, मुख्य न्यायाधीश के प्रशासकीय नियन्त्रण में सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार द्वारा किया जाता है। मुख्य न्यायाधीश के कार्यालय के प्रभारी रजिस्ट्रार ने सम्भवतः मुख्य न्यायाधीश के बयान को ध्यान में रखते हुए मुख्य सूचना आयुक्त के निर्देशानुसार सूचना अधिकार कानून के तहत चाही गयी सूचना प्रदान करने के बजाय, इसके विरुद्ध सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर करके मुख्य सूचना आयुक्त के निर्देश को उन जजों के समक्ष चुनौती दी, जिनके या जिनके साथियों के बारे में सूचना दी जानी थी।

पहली बात तो ऐसे मामले को सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुना जाना प्राकृतिक न्याय के सिद्धान्त के उस सिद्धान्त के प्रतिकूल है, जिसमें कहा गया है कि कोई भी व्यक्ति स्वयं अपना न्यायाधीश नहीं हो सकता, लेकिन यहाँ एक संवैधानकि सवाल यह भी उठता है कि आखिर सुप्रीम कोर्ट का रजिस्ट्रार यदि मुख्य सूचना आयुक्त के निर्णय से असन्तुष्ट है तो क्या उसे सुप्रीमकोर्ट में जाने का हक नहीं होना चाहिये? जब सभी सरकारी एवं गैर-सरकारी निकायों एवं नागरिकों को किसी निर्णय को न्यायालय में चुनौती देने का हक है तो फिर सुप्रीम कोर्ट के रजिस्ट्रार को यह हक क्यों नहीं?


संविधान में ऐसी कोई रुकावट नहीं है कि सुप्रीम कोर्ट, अपने रजिस्ट्रार द्वारा दायर मामले की सुनवाई नहीं करेगा। फिर भी आम व्यक्ति की भांति रजिस्ट्रार से यह अपेक्षा तो की ही जा सकती थी कि वह सीधा सुप्रीम कोर्ट जाने के बजाय, पहले हाई कोर्ट में जाते, लेकिन ऐसा करने में समय लग सकता था और विपरीत निर्णय भी आ सकता था, जैसा कि दिल्ली हाई कोर्ट पूर्व में निर्णय सुना चुका है कि सुप्रीम कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश एक लोक सेवक हैं और किसी भी लोक सेवक के कार्यालय में उपलब्ध सूचना को, सूचना अधिकार के तहत जानने का देश के नागरिकों को पूरा-पूरा अधिकार हैं। इस निर्णय के विरुद्ध दिल्ली उच्च न्यायालय की संविधान पीठ के समक्ष अपील विचाराधीन रहते हुए, इसी मुद्दे पर सुप्रीम कोर्ट द्वारा रजिस्ट्रार की याचिका की सुनवाई करते हुए सूचना देने पर रोक लगा दी गयी है। जबकि जैसा कि ऊपर लिखा गया है कि पहली बात तो ऐसे मामले को सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुना जाना प्राकृतिक न्याय के सिद्धान्त के प्रतिकूल है। दूसरे संविधान में सुप्रीम कोर्ट को न्याय दिलाने की अन्य कोई व्यवस्था नहीं है, इसलिये मेरा मानना है कि सुप्रीम कोर्ट को इस मामले को सबसे पहले तो निरस्त कर देना चाहिये था, अन्यथा संसद को भेजकर आग्रह करना चाहिये था कि जिस मामले में सीधे तौर पर सुप्रीम कोर्ट के अधिकतर जज व्यक्तिगत रूप से जुड़े हुए हैं, उस मामले को सुप्रीम कोर्ट द्वारा सुना जाना उचित नहीं है। अतः जरूरी हो तो संसद इस बारे में निर्णय करे या संसद ऐसी किसी संवैधानिक निकाय की स्थापना करे जो ऐसे मामलों में निर्णय कर सकने में सक्षम हो।


परन्तु दुःखद पहलु यह है कि सूचना अधिकार के क्रियान्वयन के मामले में सुप्रीम कोर्ट ने वह सब नहीं किया, जिसकी भारतीय की न्यायपालिका के इतिहास को देखते हुए अपेक्षा की जाती है। सुप्रीम कोर्ट ने अपने मुख्य न्यायाधीश द्वारा सार्वजनिक रूप से सूचना नहीं दिये जाने की घोषणा कर दिये जाने के बाद, स्वयं सुप्रीम कार्ट द्वारा अपने मुख्य न्यायाधीश की सार्वजनिक धारणा पर, न्यायिक निर्णय की मोहर लगा देने से न तो मुख्य न्यायाधीश के सार्वजनिक बयान को वांछित वैधानिकता प्राप्त होती है और न हीं, इससे न्यायपालिका की छवि में निखार आया है।

हम सभी जानते हैं कि सूचना का अधिकार अधिनियम भ्रष्टाचार के दलदल में फंस चुकी देश की व्यवस्था को बचाने हेतु आजादी के बाद संसद द्वारा उठाया गया सबसे महत्वपूर्ण ऐसा कानून है, जिससे पहली बार जनता को अपनो नौकरों (लोक सेवकों) से सवाल-जवाब करने का अधिकार मिला है। इस पवित्र कानून को सर्वोच्च न्यायपालिका का समर्थन नहीं मिलना संविधान निर्माताओं की भावनाओं और देश की जनता के लिये दुर्भाग्यपूर्ण ही कहा जायेगा।

अब सूचना अधिकार से जुड़े लोगों को इस विषय में अपनी रणनीति फिर से बनानी होगी। यदि न्यायपालिका इस कानून के बीच में आकर, जनता एवं लोक सेवकों के बीच में खड़ी हो गयी है, तो फिर आम लोगों को अपनी सारी आशाएँ या तो उसी संसद पर छोड़नी होंगी, जहाँ पर हमारे जनप्रतिनिधि हमारी आवाज उठाने के लिये चुने गये हैं। जिन्होंने साहस करके इस कानून को बनाया है। या फिर सड़कों पर उतरकर जनान्दोलन छेड़ने के लिये तैयार रहना होगा।


न्याय के मार्ग पर चलने वालों को हर कदम पर अग्नि परीक्षा देने के लिये तैयार रहना चाहिये। इसके बिना कुछ भी नहीं मिल सकता सकता। अन्त में एक बात और, कि केवल अधिकार मिल जाने मात्र से कुछ नहीं होता, अधिकारों की सुरक्षा करने में सक्षम कौम ही अपने अधिकारों को सुरक्षित रख सकती हैं। लापरवाह एवं असंगठित लोगों के अधिकार छीन लिये जाते हैं। यह बात सार्वेच्च न्यायालय के निर्णय से सिद्ध हो चुकी है। इसलिये मैं भ्रष्टाचार एवं अत्याचार अन्वेषण संस्थान के कार्यक्रमों और सभाओं में, अकसर अपने साथियों से कहता रहता हँू कि-

एक साथ आना शुरूआत है,
एक साथ रहना प्रगति है और
एक साथ काम करना सफलता है।
मैं समझता हूँ कि अब आम व्यक्ति के पास इसके अलावा अन्य कोई विकल्प नहीं बचा हैं।

दोनों बीवी राजी, क्या करेगा काजी?


Friday, November 27, 2009


दोनों बीवी राजी, क्या करेगा काजी?

डॉ. पुरुषोत्तम मीणा
=============================================

1. दुर्भाग्य है, इस देश का और इस देश की स्त्रियों का कि आज 21वीं सदी में भी कानून उसी प्रकार से काम कर रहा है, जैसे कि 17वीं और 18वीं शताब्दी में करता था।

2. पुरुष की आदिकाल से एकाधिक स्त्रियों का भोग करने की प्रवृत्ति रही है, जो हमारे देश के कानूनों में भी स्पष्ट रूप से झलकती है।

3. विवाहित पुरुष द्वारा पहली पत्नी के रहते दूसरा विवाह किया जाता है तो यह कानूनी तौर पर अपराध तो है, लेकिन इस अपराध के खिलाफ पुलिस या सरकार या कोर्ट को स्वयं संज्ञान लेने का कोई अधिकार नहीं है।

4. एक ऐसी महिला को, किसी ऐसे मृतक पुरुष की मृत्यु के बाद, जो उसका वैध पति नहीं था, को उस मृतक की पत्नी का दर्जा देना, जिसने एक वैध विवाहिता पत्नी के अधिकारों पर बलात अतिक्रमण किया हो कहाँ का न्याय है? समझ से परे है?

5. प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता धर्मेन्द्र की पहली पत्नी के रहते, धर्मेन्द्र हेमा मालिनी से दूसरा विवाह रचाकर भी न मात्र एक सम्मानित नागरिक का जीवन जी रहे हैं, बल्कि सरेआम कानून को धता बताकर गैर-कानूनी विवाह रचाने के अपराधी होते हुए दोनों ही संसद के सदस्य भी रह चुके हैं।

6. भारत जैसे देश में औरतों की जो दशा है, उसमें 95प्रतिशत से अधिक औरतें तो इस हालत में होती ही नहीं कि वे कानून के समक्ष खड़ी होकर, अपने पति के विरुद्ध मुकदमा दायर कर सकें।

7. पुरुषों को, केवल पुरुष मानकर नहीं, बल्कि एक पुत्री के पिता, एक बहिन के भाई बनकर सोचना चाहिये कि जहाँ पूर्व पति या पूर्व पत्नी के रहते दूसरा विवाह करना कानूनी तौर पर निषिद्ध है और वहाँ इस कानून को तोड़नकर दूसरा विवाह रचाने वाले अपराधी को सजा क्यों नहीं मिलनी चाहिये?

8. यदि हालात ऐसे ही रहे तो आज नहीं तो कल ऐसा कानून बन ही जाना है, जब पहली पत्नी के रहते, पहली पत्नी की सहमति से कोई भी पुरुष कानूनी रूप से दूसरी शादी कर लेगा। मामनीय सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय मुझे तो यही मार्ग दिखाता प्रतीत हो रहा है।

==============================

नई दिल्ली। अभी तक हम सबने कहावत पढी और सुनी है कि "मियां बीवी राजी, क्या करेगा काजी?" लेकिन सुप्रीम कोर्ट द्वारा हाल ही में सुनाये गये एक निर्णय की गहराई में जाने पर जो बात निकलकर सामने आयी है, उसके आधार पर मैं एक नयी कहावत का सृजन करने का दुस्साहस कर रहा हूँ-

"दोनों बीवी राजी, क्या करेगा काजी (कानून)?"

सुप्रीम कोर्ट ने हाल ही में एक ऐसा फैसला सुनाया है, जिसका दूरगामी परिणाम क्या होगा? यह अभी कहना जल्दबाजी होगा, लेकिन चूंकि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के विरुद्ध किसी भी अदालत में अपील नहीं की जा सकती। इसलिये प्रत्येक भारतीय के लिये मामनीय सुप्रीम कोर्ट के निर्णय को मानना संविधान द्वारा निर्धारित बाध्यता है।

सुप्रीम कोर्ट ने अपने निर्णय में कहा है कि किसी पुरुष की मृत्यु के बाद यदि उसकी पहली पत्नी को कोई आपत्ति नहीं हो तो उसकी दूसरी पत्नी को भी सरकारी नौकरी में अनुकंपा नियुक्ति पाने का कानूनी अधिकार है। जबकि हम सब जानते हैं कि सुप्रीम कोर्ट के इस निर्णय के ठीक विपरीत हिंदू विवाह अधिनियम के प्रावधानों के तहत एक विवाहित पुरुष, एक समय में केवल एक ही पत्नी रख सकता है। एक विवाहित स्त्री पर भी यही बात लागू होती विवाहित होते हुए दूसरी शादी करना भारतीय दण्ड संहिता (आईपीसी) की धारा 494 और हिंदू विवाह अधिनियम की धारा 17 के तहत अपराध माना गया है। जिसमें सात साल तक के कड़े कारावास की सजा दिये जाने की व्यवस्था है।इन दोनों कानूनों के विद्यमान होने के बावजूद भी सुप्रीम कोर्ट का कहना है कि पहली पत्नी की अनुमति से दूसरी पत्नी को मृतक पति के स्थान पर अनुकम्पा नियुक्ति दी जा सकती सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय समाज और कानून को ऐसे रास्ते पर ले जाता हुआ प्रतीत हो रहा है, जिसका अन्त न जाने कितने भयावह परिणामों को जन्म दे सकता है! कल को सुप्रीम कोर्ट यह भी कह सकता है कि यदि पहली पत्नी को किसी प्रकार की आपत्ति नहीं है, तो कोई पुरुष दूसरी पत्नी रख सकता है। बल्कि देखा जाये तो यही निर्णय दूसरी पत्नी को मान्यता प्रदान कर चुका है। केवल अन्तर इतना सा है कि दूसरी पत्नी को सुप्रीम कोर्ट ने जो मान्यता प्रदान की है, वह पति के मरने के बाद प्रदान की यद्यपि मुद्दा यह नहीं है, मान्यता कब प्रदान की है, बल्कि मुद्दा यह है कि पहली विवाहिता पत्नी के होते हुए, जब एक पुरुष को दूसरी पत्नी रखने का कानून में प्रावधान है ही नहीं तो फिर, दूसरी पत्नी को किसी भी सूरत में मृतक पति की वारिस कहलाने का कानून द्वारा अधिकार कैसे प्रदान किया जा सकता है? परन्तु, चूंकि सुप्रीम कोर्ट तो सुप्रीम कोर्ट है! आदेश दे दिया तो दे दिया, कोई क्या कर सकता है? अब दूसरी पत्नियों को सरकारी सेवा में रहे मृतक पतियों के स्थान पर नौकरी पाने के लिये केवल, पहली पत्नी की अनुमति लेनी होगी और मिल जायेगी, अनुकम्पा के आधार पर सरकारी नौकरी।

इस निर्णय के प्रकाश में मृतक के स्थान पर अनुकम्पा नियुक्ति दिये जाने के नियम पर भी विचार करने की आवश्यकता है। मैं जितना समझता हूँ, किसी लोकसेवक की असामयिक मृत्यु हो जाने पर, उसके परिवार को सहारा देने के लिये सहानुभूति के आधार पर, मृतक के कानूनी वारिसों को अनुकम्पा नियुक्ति दी जाती है। सम्भवतः यह प्रावधान पूरी तरह से मानवीयता को दृष्टिगत रखते हुए बनाया गया जिस सरकारी विभाग में एक व्यक्ति अपना पूरा जीवन सेवा करता है, उस विभाग की भी उस व्यक्ति के परिवार के प्रति कुछ मानवीय जिम्मेदारी होनी चाहिये, यह मानकर इस जिम्मेदारी को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करके पूरी करने का प्रयास किया जाता रहा है। लेकिन इसके लिये केवल कानूनी वारिसों को ही परिवार के सदस्य माना जाता है, जिनमें मृतक की पत्नी, पुत्र, पुत्री, पोत्र, विशेष परिस्थितियों में पति भी अनुकम्पा नियुक्ति के हकदार हो सकते हैं।

इस मामले में तो सुप्रीम कोर्ट ने एक ऐसी महिला को अनुकम्पा नियुक्ति प्रदान करने का आदेश दिया है, जो मृतक के जिन्दा रहने तक, मृतक के परिवार की कानूनी सदस्य भी नहीं थी। ऐसे में मृतक के परिवार को सम्बल प्रदान करने के लिये ऐसी पत्नी को अनुकम्पा के आधार पर नौकरी प्रदान करने से मृतक के परिवार को क्या हासिल होगा, यह भी विचारणीय विषय है?
एक ऐसी महिला को, किसी ऐसे मृतक पुरुष की मृत्यु के बाद, जो उसका वैध पति नहीं था, को उस मृतक की पत्नी का दर्जा देना, जिसने एक वैध विवाहिता पत्नी के अधिकारों पर बलात अतिक्रमण किया हो कहाँ का न्याय है? समझ से परे है?


इस निर्णय में सुप्रीम कार्ट के न्यायमूर्ति मार्कंडेय काटजू और न्यायमूर्ति आरएम लोढ़ा की पीठ ने कर्नाटक सरकार की एक अपील को खारिज करते हुए कहा कि
जब दोनों पत्नी राजी हो गई हैं तो आप आपत्ति करने वाले कौन होते हैं। यदि एक पत्नी अनुकंपा नियुक्ति चाहती है और दूसरी मुआवजे संबंधी लाभ चाहती है तो आपको क्या परेशानी है? यहाँ पर सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि इसी तर्ज पर कल को यह भी कहा जा सकता है कि जब दो औरतें एक पुरुष से विवाह करने को राजी हैं, तो सरकार होती कौन है, आपत्ति करने वाली? यद्यपि व्यवहार में पहले से भी यही होता आ रहा है।
पुरुष की आदिकाल से एकाधिक स्त्रियों का भोग करने की प्रवृत्ति रही है, जो हमारे देश के कानूनों में भी स्पष्ट रूप से झलकती है। हिन्दू विवाह अधिनियम में साफ लिखा गया है कि यदि एक विवाहित पुरुष द्वारा पहली पत्नी के रहते दूसरा विवाह किया जाता है तो यह कानूनी तौर पर अपराध तो है, लेकिन इस अपराध के खिलाफ पुलिस या सरकार या कोर्ट को स्वयं संज्ञान लेने का कोई अधिकार नहीं है। दूसरा विवाह करने वाला पुरुष तब ही कानून के शिकंजे में आ सकता है, जबकि उसकी पहली विवाहिता पत्नी, उसके (अपने पति के) खिलाफ कानून के समक्ष लिखित में शिकायत लेकर जाये! अन्य कोई शिकायत नहीं कर सकता है और यदि कोई शिकायत करता भी है तो ऐसी शिकायत पर, ऐसे पुरुष के विरुद्ध कानून को हस्तक्षेप करने का कोई हक नहीं है।
यही वजह है कि प्रसिद्ध फिल्म अभिनेता धर्मेन्द्र की पहली पत्नी के रहते, धर्मेन्द्र हेमा मालिनी से दूसरा विवाह रचाकर भी न मात्र एक सम्मानित नागरिक का जीवन जी रहे हैं, बल्कि सरेआम कानून को धता बताकर गैर-कानूनी विवाह रचाने के अपराधी होते हुए दोनों ही संसद के सदस्य भी रह चुके हैं। यह सब इसलिये हो सका, क्योंकि धर्मेन्द्र की पहली पत्नी ने कानून के समक्ष इसकी कोई शिकायत नहीं की। और भी अनेक ऐसे ही मामले अनेक सुप्रसिद्ध लोगों के हैं। जिनमें पूर्व मन्त्री राम विलास पासवान, श्रीमती जसकौर मीणा आदि अनेक लोग शामिल हैं।

ये तो वे मामले हैं, जिनमें धनवान लोगों या प्रसिद्ध लोगों द्वारा धन के बल पर या अपनी छवि को नुकसान नहीं हो, इस बात की दुहाई देकर या अपने बच्चों के भविष्य की दुहाई देकर, अपनी पहली पत्नी का मुःह बन्द कर दिया जाता है, लेकिन
भारत जैसे देश में औरतों की जो दशा है, उसमें 95प्रतिशत से अधिक औरतें तो इस हालत में होती ही नहीं कि वे कानून के समक्ष खड़ी होकर, अपने पति के विरुद्ध मुकदमा दायर कर सकें। जिसके पीछे एक ओर तो जहाँ आर्थिक कारण होते हैं, वहीं दूसरी ओर अनेक सामाजिक एवं धार्मिक कारण भी होते हैं। जिनके चलते एक-एक पाई को मोहताज रहने वाली और पति को परमेश्वर मानने वाली पत्नी, कानून के समक्ष गुहार करके अपने पति को कारावास में डलवाने के लिये कदम उठाने से पूर्व 10बार नहीं, 100बार सोचती है। पुरुष ने स्त्री की इसी कमजोरी का लाभ उठाकर ऐसा कानून बनाया, जिसमें दूसरे विवाह को कानूनी तौर पर अवैधानिक घोषित करके भी दूसरी पत्नी रखने का प्रावधान कर लिया। अन्यथा पुरुषों को, केवल पुरुष मानकर नहीं, बल्कि एक पुत्री के पिता, एक बहिन के भाई बनकर सोचना चाहिये कि जहाँ पूर्व पति या पूर्व पत्नी के रहते दूसरा विवाह करना कानूनी तौर पर निषिद्ध है और वहाँ इस कानून को तोड़नकर दूसरा विवाह रचाने वाले अपराधी को सजा क्यों नहीं मिलनी चाहिये? ऐसे अपराधी को सजा देने के लिये कानून में किसी भी प्रकार के किन्तु, परन्तु को जगह क्यों दी गयी है?

यदि हम अपराधमुक्त समाज की स्थापना करना चाहते हैं तो हम सबका यह कर्त्तव्य है कि अपराधियों को हर हाल में सजा मिलनी ही चाहिये, उन्हें तो हर हाल में जेल में होना ही चाहिये। आखिर अपराधी को क्यों कर खुलेआम समाज में घूमने और सम्मानित जीवन जीने का हक होना चाहिये? परन्तु
दुर्भाग्य है, इस देश का और इस देश की स्त्रियों का कि आज 21वीं सदी में भी कानून उसी प्रकार से काम कर रहा है, जैसे कि 17वीं और 18वीं शताब्दी में करता था। यदि हालात ऐसे ही रहे तो आज नहीं तो कल ऐसा कानून बन ही जाना है, जब पहली पत्नी के रहते, पहली पत्नी की सहमति से कोई भी पुरुष कानूनी रूप से दूसरी शादी कर लेगा। मामनीय सुप्रीम कोर्ट का यह निर्णय मुझे तो यही मार्ग दिखाता प्रतीत हो रहा है। फिर एक दिन ऐसा आयेगा कि हम, हमारा कानून और हमारी न्यायपालिका कहेंगे-"दोनों बीवी राजी, क्या करेगा काजी (कानून)?"